नर्मदापुरम में भीषण सड़क हादसा: टवेरा-ट्रॉली टक्कर में 5 की मौत

खबर रफ्तार, नर्मदापुरम: नर्मदापुरम में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने शादी से लौट रहे लोगों की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। माखननगर थाना क्षेत्र में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच नर्मदापुरम–पिपरिया स्टेट हाईवे पर आंचलखेड़ा गांव के पास टवेरा और अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर हो गई।

जानकारी के अनुसार, महेंद्रवाड़ी और माखननगर के निवासी एक शादी समारोह में शामिल होकर बुधनी से टवेरा में लौट रहे थे। इसी दौरान क्रॉसिंग के पास वाहन अनियंत्रित हो गया और ट्रॉली से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टवेरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों और मृतकों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं 6–7 घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बोर्ड रिजल्ट के बाद योगी का संदेश: असफलता नहीं, नया अवसर है जीवन

मृतकों में साहिल यादव (19), हरि सिंह यादव (57), शुभम मोरप्पा (18), विनीत यादव (22) और संतोष प्रजापति शामिल हैं। घायलों में भारत यादव, आकाश इवने, देवांश इवने, अमन यादव, विनोद उइके, सुमित और राजेश धुर्वे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कम दृश्यता, रात का समय या चालक की लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि असली कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और जिला अस्पताल में रातभर परिजनों की भीड़ लगी रही।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours