मिर्जापुर सड़क हादसा: 11 लोगों की मौत, बोलेरो में लगी आग

खबर रफ्तार, मिर्जापुर सड़क हादसा: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में ड्रमंडगंज घाटी के पास बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की जान चली गई। हादसा रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर हुआ, जब एक ट्रेलर के अचानक ब्रेक फेल होने से कई वाहन आपस में टकरा गए।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश से गिट्टी लेकर आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और पहले वाराणसी नंबर की स्विफ्ट कार से टकराया, फिर एक अन्य ट्रक से जा भिड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बोलेरो भी ट्रेलर से टकरा गई, जिससे जोरदार धमाका हुआ और बोलेरो में आग लग गई।

इस दर्दनाक हादसे में बोलेरो सवार नौ लोग जिंदा जल गए, जबकि स्विफ्ट कार में सवार जयप्रकाश (26) और ट्रक के एक खलासी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बोलेरो में सवार परिवार मैहर से बच्चे के मुंडन संस्कार के बाद घर लौट रहा था।

स्थानीय लोगों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि किसी को निकालना संभव नहीं हो सका। फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम देर से मौके पर पहुंची, जिससे राहत कार्य में देरी हुई।

पुलिस ने सभी वाहनों की पहचान कर ली है और मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। हादसे को लेकर इलाके में शोक का माहौल है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours