फर्जी वसीयत के आरोप से शुरू हुआ विवाद, करोड़ों की संपत्ति पर दावा
प्रशासन ने दिया था समाधान का आश्वासन, समय पर कार्रवाई न होने से बढ़ा मामला
खबर रफ्तार, बाराबंकी: बाराबंकी के असंद्रा थाना क्षेत्र स्थित भवनियापुर गांव के श्रीराम जानकी मठ में जमीन विवाद को लेकर मंगलवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। मठ के महंत मुकुंदपुरी द्वारा “जिंदा समाधि” लेने की घोषणा के बाद प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालने में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, मठ की संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। महंत का आरोप है कि एक व्यक्ति ने फर्जी और अपंजीकृत वसीयत के जरिए मठ की करोड़ों की जमीन अपने नाम करा ली थी। इस मामले में तहसील प्रशासन ने 24 अगस्त 2023 को वसीयत को निरस्त करते हुए संपत्ति को मूल खातेदार के नाम दर्ज करने का आदेश दिया था और 45 दिनों में समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी।

समय पर समाधान न मिलने से नाराज महंत ने चेतावनी दी थी कि यदि 20 अप्रैल तक कार्रवाई नहीं होती है तो वह 21 अप्रैल को जिंदा समाधि ले लेंगे। तय समय पर उनके अड़े रहने से स्थिति और गंभीर हो गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मठ परिसर में एकत्र हो गए।
मौके पर एसडीएम, सीओ और पुलिस बल लगातार महंत को समझाने और स्थिति को शांत करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों की टीम बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश में जुटी हुई है, हालांकि अभी तक कोई अंतिम सहमति नहीं बन पाई है।
पुलिस का कहना है कि इससे पहले भी महंत इसी तरह की चेतावनी दे चुके हैं, जिसे उस समय समझा-बुझाकर टाल दिया गया था। लेकिन इस बार मामला अधिक संवेदनशील हो गया है और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है।

+ There are no comments
Add yours