वाराणसी में झंडा विवाद को लेकर तनाव, पथराव में पुलिसकर्मी घायल

खबर रफ्तार, वाराणसी :  चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया गांव में पोस्टर और झंडे को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को एक बार फिर भड़क गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दो पक्षों के बीच पथराव हो गया, जिसमें पुलिसकर्मी भी घायल हुए।

जानकारी के अनुसार, आंबेडकर जयंती के दौरान 14 अप्रैल को गांव के भैरव बटुक धाम जाने वाले गेट पर आंबेडकर का झंडा लगाया गया था। आरोप है कि कुछ लोगों ने बाद में उस झंडे को हटा दिया और उसे नुकसान पहुंचाया। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया था।

घटना के विरोध में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने पहले किसी तरह स्थिति को शांत कराया था, लेकिन शुक्रवार को दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

पथराव में एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना के सिर में चोट आई, जबकि एक दरोगा सहित दो अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पांच थानों की पुलिस तैनात की गई है। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और मामले की जांच जारी है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours