श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में पलटी, चार की मौत, कई घायल, सीएम योगी ने जताया शोक

ख़बर रफ़्तार, कुशीनगर : जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर -ट्रॉली अनियंत्रित होकर मुख्य पश्चिमी गंडक नहर में लगभग 30 फीट नीचे जाकर पलट गई। इस हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

चार श्रद्धालुओं की मौत

यह पूरा मामला जिले के घुघली थाना क्षेत्र का है। जहां चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर बड़हरा गांव के रहने वाले 50 श्रद्धालु रायणी नदी में स्नान करने के लिए भैंसहा जा रहे थे। इसी दौरान जैसे ही उनकी गाड़ी टोला सिसई के पास मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की पटरी पर निर्मित सड़क पर पहुंची अनियंत्रित होकर 30 फीट नीचे नहर में जा गिरी। इस हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि 17 लोग घायल हो गए। आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घायलों को अस्पताल में इलाज जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रैक्टर की मदद से ट्रॉली को नहर बाहर निकाला गया। फिर उसके नीचे दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर तुर्कहा सीएचसी भेजा गया। गनीमत रही कि नहर में पानी कम था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

सीएम योगी ने जताया शोक

वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया है। योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं उन्होंने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours