ख़बर रफ़्तार, अयोध्या : रामनगरी में रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। दोपहर में ठीक 12 बजे चार मिनट तक सूर्यदेव रामलला के ललाट पर अपनी किरणों से तिलक करेंगे।
रामनगरी अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि मंदिर में राम जन्मोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज रामनवमी के अवसर पर रामलला का भव्य सूर्य तिलक किया जाएगा, जो लगभग चार मिनट तक चलेगा। विशेष बात यह है कि यह तिलक ठीक उसी समय होगा, जब भगवान राम के जन्म का क्षण माना जाता है। इससे पहले बृहस्पतिवार को रामलला के दरबार में श्रद्धालुओं का रेला रहा। देर शाम तक दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए।
बृहस्पतिवार को राम मंदिर में उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर सुबह एक घंटे पहले ही खोल दिया गया। रात में 10 बजे तक दर्शन निरंतर जारी रहा। अंगद टीला से श्रद्धालुओं को रामपथ की दाईं लेन पर निकाला जा रहा है। राम मंदिर के प्रवेश द्वार की ओर जाने वाली बाईं लेन पूरी तरह से आरक्षित कर दी गई है।

+ There are no comments
Add yours