तूफान के कारण टीन शेड गिरा, नीचे दबकर दो लोगों की मौत, बारिश से बचने के लिए खड़े थे

खबर रफ्तार, मेरठ : भटपुरा गांव के पूर्व प्रधान जयपाल सैनी और नवादा गांव के राम मुकेश सैनी रुड़की में आयोजित एक पंचायत में शामिल होकर लौट रहे थे। रास्ते में आंधी और बारिश शुरू हो गई तो वे एक दुकान के टीन शेड के नीचे खड़े हो गए थे, तभी हादसा हो गया।

जिले में बीती रात तेज आंधी-तूफान ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसके चलते एक बड़ा हादसा हो गया। नकुड़ रोड पर बारिश और तूफान से बचने के लिए एक दुकान के बाहर लगे टीन शेड के नीचे खड़े दो लोगों पर अचानक वह शेड गिर गया। इस हादसे में भटपुरा गांव के पूर्व प्रधान जयपाल सैनी (50) और नवादा गांव के राम मुकेश सैनी (52) की मौत हो गई।

यह दुखद घटना तब हुई, जब जयपाल सैनी और राम मुकेश सैनी रुड़की (उत्तराखंड) के एक गांव में किसी पंचायत में शामिल होकर लौट रहे थे। उनकी बाइक सहारनपुर में खड़ी थी और वे उसी से अपने गांव वापस जा रहे थे। रविवार रात करीब 10:30 बजे सरसावा से निकलकर नकुड़ रोड पर पहुंचते ही अचानक तेज आंधी-तूफान और बारिश शुरू हो गई। मौसम की मार से बचने के लिए दोनों ने सड़क किनारे एक दुकान के आगे लगे टीन शेड के नीचे शरण ली। दुर्भाग्यवश, इसी दौरान तेज आंधी के कारण वह टीन शेड उनके ऊपर गिर पड़ा, जिसमें वे दब गए।
देर रात करीब तीन बजे गश्त पर निकली पुलिस की गाड़ी ने नकुड़ रोड पर उनकी बाइक खड़ी देखी। शक होने पर पुलिस ने जांच की तो पाया कि दोनों व्यक्ति मलबे में दबे हुए हैं। पुलिसकर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों को मलबे से बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पूर्व प्रधान जयपाल सैनी के निधन से स्थानीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours