ख़बर रफ़्तार, दुबई : दुबई में शुक्रवार को फिर से धमाके हुए और आसमान में धुएं का गुबार देखा गया। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने एक हमले को नाकाम किया है। इसका मलबा एक इमारत पर गिरने से उसे नुकसान पहुंचा है। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ते तनाव के बीच दुबई में लगातार दूसरे दिन जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई। शुक्रवार को तेज धमाकों की आवाज से शहर की कई इमारतें हिल गईं। इस दौरान मध्य दुबई के एक हिस्से में आसमान में काले धुएं का घना गुबार देखा गया। चश्मदीदों के अनुसार, दो बड़े धमाके हुए जिससे पूरा इलाका दहल गया।
दुबई में लगातार दूसरे दिन ऐसी घटना हुई है। इससे पहले गुरुवार को भी अल बदा इलाके में ड्रोन से जुड़ी एक घटना सामने आई थी। तब भी शहर के बीचों-बीच धमाकों की आवाज सुनी गई थी।
28 फरवरी को पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद से खाड़ी क्षेत्र में तनाव बहुत बढ़ गया है। ईरान के हमलों की वजह से इस इलाके में अब तक 11 आम नागरिकों की मौत हो चुकी है। फिलहाल दुबई प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

+ There are no comments
Add yours