10वीं की परीक्षा के दौरान 3 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, केंद्र पर मची अफरातफरी, एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल

खबर रफ्तार, बाराबंकी: बाराबंकी में 10वीं की परीक्षा के दौरान तीन छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से एक को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा गया। वहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

यूपी के बाराबंकी में शनिवार को 10वीं की गृह विज्ञान की परीक्षा के दौरान तीन छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। इससे परीक्षा केंद्र पर अफरातफरी मच गई। एक छात्रा की हालत ज्यादा खराब होने पर उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

मामला सफदरगंज थाना क्षेत्र के औरेला गांव स्थित सुंदरलाल इंटर कॉलेज का है। बताया गया कि परीक्षा के दौरान अचानक घबराहट और तनाव के कारण छात्राएं असहज महसूस करने लगीं। परीक्षा कक्ष में मौजूद शिक्षकों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार की व्यवस्था कराई। मसौली थाना क्षेत्र के बांसा गांव निवासी उमे हया (19) को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार, छात्रा की हालत अब खतरे से बाहर है। अन्य दो छात्राओं को मौके पर ही प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया। घटना के बाद कुछ देर तक परीक्षा केंद्र पर अफरातफरी का माहौल बना रहा। हालांकि, बाद में स्थिति सामान्य हो गई। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। केंद्र व्यवस्थापक ने बताया कि छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours