खबर रफ्तार, इस्लामाबाद : पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक शिया मस्जिद में बड़ा धमाका हुआ है, जिसमें अब तक 31 लोगों की मौत और 169 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह आत्मघाती हमला था।
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद की एक मस्जिद में आत्मघाती हमला किया गया। शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान तरलाई इलाके की इमाम बारगाह खदीजत-उल-कुबरा में जोरदार धमाका हुआ। इस विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने की खबर है। ब्लास्ट के बाद पूरे शहर में इमरजेंसी लगा दी गई है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फितना अल-ख्वारिज से जुड़े हमलावर ने गेट पर रोके जाने के बाद खुद को उड़ा लिया था।

जान बचाकर भागने लगे लोग
धमाके के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। लोग अपनी जान बचाते हुए इधर-उधर भागते दिखे। सूचना मिलते ही फौरन पुलिस और रेस्क्यू टीमें पहुंची और राहत व बचाव कार्य में जुट गए। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आई है, जिसमें लोग इमाम बारगाह की जमीन पर बेसुध पड़े हैं। वहीं कुछ लोग एक दूसरे की मदद करते दिखाई दिए।
सुरक्षा एजेंसियों ने इमाम बारगाह और आसपास के पूरे इलाके की घेराबंदी करते हुए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। राजधानी के पॉलीक्लिनिक, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमस), और सीडीए अस्पताल में इमरजेंसी लगा दी गई है। पीआईएमस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (ईडी) के निर्देश पर अस्पताल में इमरजेंसी लागू कर दी गई है। एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्य इमरजेंसी, ऑर्थोपेडिक, बर्न सेंटर और न्यूरोलॉजी डिपार्टमेंट को एक्टिव कर दिया गया है।

+ There are no comments
Add yours