खबर रफ्तार, डोडा: डोडा जिले में भद्रवाह-चंबा मार्ग पर सेना का वाहन 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दस जवानों की जान चली गई जबकि सात घायल हुए है। उन्हें उधमपुर सैन्य अस्पताल में ले जाया गया है।
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुए सड़क हादसे में सेना के दस जवानों की जान चली गई जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसा भद्रवाह-चंबा मार्ग पर खन्नी टॉप के पास हुआ।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि सेना का बुलेटप्रूफ वाहन निकट के पोस्ट की तरफ जा रहा था। इसमें 17 जवान सवार थे। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वह 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
जानकारी पर सेना और पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू शुरू किया। मौके से दस जवानों के शव बरामद कर लिए गए हैं। सात जवानों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया। इसमें से तीन की हालत गंभीर है।
उन्हें विशेष उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल भेजा गया है। अन्य घायलों का इलाज नजदीकी सैन्य चिकित्सा केंद्रों में चल रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

+ There are no comments
Add yours