ख़बर रफ़्तार, मथुरा : घटनास्थल पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत आग पर काबू पाया, जो वाहनों के टकराने से लगी होगी। दुर्घटना में घायल हुए सभी 25 से अधिक लोगों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के बलदेव में यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के चलते माइल स्टोन-127 के पास दर्दनाक हादसा हुआ है। जिसमें सात बस और तीन छोटी गाड़ियां आपस में भिड़कर हादसे का शिकार हो गईं। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और करीब 25 लोग घायल हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने जो आपबीती बयां की वह डरा देने वाली है। हादसा मंगलवार की सुबह करीब 4.30 बजे हुआ, उस समय दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में सवार अधिकतर लोग नींद में थे।
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया, “यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन-127 पर एक भीषण दुर्घटना हुई। गाड़ियां आपस में टकरा गईं और उनमें आग लग गई, जिसके चलते 25 लोग घायल हुए और चार लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने घटना का तुरंत संज्ञान लिया और हमें बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर भेजा। उन्होंने निर्देश दिया है कि घायलों को सर्वोत्तम संभव उपचार दिया जाए और मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये प्रति परिवार की मदद दी जाए।”
मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया, “यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 127 पर एक दुर्घटना हुई। कम दृश्यता के कारण यह हादसा हुआ। 7 बसें और 3 कारें आपस में टकरा गईं, जिसके परिणामस्वरूप सभी वाहनों में आग लग गई। बचाव अभियान लगभग पूरा हो चुका है और अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। 25 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनमें से किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।”
