ख़बर रफ़्तार, नई दिल्ली : नि: संतान दंपती ने सुभाष नगर स्थित पैसिफिक मॉल के पास सड़क किनारे रहने वाली एक महिला के नवजात शिशु को अगवा करने के लिए नाबालिगों को तैयार किया और उन्हें 20 हजार देने का वादा किया था।
तिलक नगर इलाके में नि: संतान दंपती ने एक घरेलू सहायिका और नाबालिगों की मदद से 27 दिन के एक मासूम बच्चे को अगवा कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सभी आरोपियों को पकड़ कर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया है। पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि तिलक नगर थाना पुलिस को 27 दिन के बच्चे के अगवा होने की शिकायत उसके परिजनों ने दी थी।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों के भागने की दिशा में करीब दो सौ कैमरे की जांच की। जिसमें पता चला कि स्कूटी सवार दो लोगों ने बच्चे को अगवा किया है। जांच में पता चला कि स्कूटी नारायणा से चोरी हुई थी। चोरी करने वाला विकास एक अन्य मामले में जेल में बंद है। उसके जरिए पता चला कि उसने स्कूटी अनिल को सौंप दी थी, जिसने स्कूटी को एक नाबालिग को दे दी थी। पुलिस ने नाबालिग को पकड़ कर पूछताछ की, जिसमें अपहरण का खुलासा हुआ। पुलिस ने उसके बाद नि:संतान दंपती उत्तम नगर निवासी शुभ करण, संयोगिता, घरेलू सहायिका माया और एक अन्य नाबालिग को पकड़ लिया।
