पत्नी के मायके जाने से पति ने की आत्महत्या, कुछ दिनों से अवसाद का था शिकार

ख़बर रफ़्तार, रुद्रपुर: दिनेशपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने आत्महत्या कर ली है. घटना के संबंध में पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. वहीं, सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा. बताया जा रहा है कि मृतक युवक और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिससे पत्नी बच्चे को लेकर मायके चली गई थी, तभी से वह डिप्रेशन में चल रहा था.

पत्नी के मायके जाने से आहत पति ने की आत्महत्या

पुलिस के मुताबिक मृतक व्यक्ति की पहचान रिंकू देवनाथ के रूप में हुई है. रिंकू की मां का कुछ दिन पहले ही निधन हो गया था, जिससे उसके पिता कोलकाता चले गए. घर में पत्नी, एक बच्चा और वह रहता था. इसी बीच कुछ समय पहले पत्नी और उसका झगड़ा हो गया, जिससे पत्नी दिल्ली मायके चली गई थी. पत्नी के मायके जाने से रिंकू (मृतक) इतना आहत हुआ कि वह अवसाद में आ गया. पत्नी के साथ हुआ विवाद का मामला रुद्रपुर कोर्ट में चल रहा था.

पुलिस बोली डिप्रेशन में था रिंकू

दिनेशपुर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि आज सुबह सूचना मिली कि एक युवक ने खुदकुशी कर ली है. घटनास्थल पर पहुंचने के बाद आसपास के लोगों से जानकारी करने पर पता चला कि कुछ समय पूर्व उसकी पत्नी उसे छोड़कर अपने मायके चली गई है, जिससे वह डिप्रेशन में चल रहा था. उन्होंने कहा कि संभवत आत्महत्या करने के पीछे यही कारण रहा होगा. बहरहाल मामले की जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें- देहरादून और गैरसैंण में उलझी सरकार! मानसून सत्र को लेकर उठने लगे सवाल, विपक्ष ने घेरा

You May Also Like

More From Author