ख़बर रफ़्तार, हरिद्वार: केंद्रीय सड़क एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ऐलान किया कि अक्टूबर में 1603 करोड़ की लागत से 15 किमी फोर लेन ग्रीनफील्ड बाईपास बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने दिल्ली-दून एक्सप्रेस वे को हरिद्वार से भी जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि छह लेन के दिल्ली-दून एक्सप्रेस-वे के बनने से समय और दूरी दोनों ही कम होंगे।
हरिद्वार में पावन धाम मैदान में मंगलवार को परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 4,750 करोड़ की लागत से 30 परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने दो परियोजनाओं का लोकार्पण और 28 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर शास्त्री पार्क, खजूरी मंडोला, बागपत खेकड़ा, शामली, सहारनपुर होते हुए देहरादून तक जाएगा। इसे हरिद्वार से भी जोड़ा जाएगा।
बेहतर कनेक्टिविटी के लिए दस हजार करोड़ का एलान
धर्मनगरी देश के करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। गंगा प्रदूषण मुक्त हो इसके लिए समेकित प्रयास की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड सशक्त, समृद्ध और प्रदूषण मुक्त प्रदेश बने। इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। बेहतर रोड कनेक्टिविटी को उन्होंने दस हजार करोड़ का काम देने की भी घोषणा की।
4,750 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर 180.94 करोड़ की लागत से 2.65 किलोमीटर लंबे दूधाधारी एलिवेटेड फ्लाईओवर और रुद्रप्रयाग व चमोली में लमेरी से कर्णप्रयाग तक 274 करोड़ की लागत से 29 किलोमीटर की दो लेन पेव्ड शोल्डर सहित चौड़ीकरण के कार्य का लोकार्पण किया। साथ ही, उन्होंने ऋषिकेश से बद्रीनाथ मार्ग पर 63 स्थानों पर 1229 करोड़ से होने वाले भूस्खलन और भूधंसाव के उपचार कार्यों का शिलान्यास किया।
इन योजनाओं पर होगा काम
भानियावाला देहरादून से ऋषिकेश मार्ग पर 742 करोड़ की लागत से दो किलोमीटर लंबे चार लेन के चौड़ीकरण के कार्य, खरसोनक्यारी से नौगांव तक 454 करोड़ की लागत से 36 किलोमीटर लंबी दो लेन के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के कार्य, ऋषिकेश से गंगोत्री मार्ग पर 375 करोड़ की लागत से 30 स्थानों पर भूस्खलन और भूधंसाव के उपचार कार्य, रुद्रप्रयाग से केदारनाथ मार्ग पर 101 करोड़ की लागत से छह स्थलों पर भूस्खलन और भूधंसाव के उपचार कार्य, राष्ट्रीय राजमार्ग सात पर छह करोड़ की लागत से तीन सेतुओं का सुरक्षात्मक कार्य और राष्ट्रीय राजमार्ग 507 पर सड़क सुरक्षा के कार्य, ऋषिकेश में श्यामपुर रेलवे फाटक के निकट सात करोड़ की लागत से वैली ब्रिज के साथ चार लेन के चौड़ीकरण, रुद्रप्रयाग में 48 करोड़ की लागत से पुरानी सुरंग का पुनर्वास और मंडल में चोपता मार्ग का सुदृढ़ीकरण कार्य,धरासू से यमुनोत्री मार्ग पर 193 करोड़ की लागत से 15 स्थानों पर भूस्खलन के उपचार कार्य, गुमखाल से सतपुली तक 453 करोड़ की लागत 21 किलोमीटर लंबे दो लेन पेव्ड शोल्डर सहित चौड़ीकरण के कार्य और उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड राज्य में 692 करोड़ की लागत से छह किलोमीटर लंबे कोटद्वार बाईपास के निर्माण कार्य का उन्होंने शिलान्यास किया।
केंद्रीय मंत्री की प्रमुख घोषणाएं
- मसूरी में 1,800 करोड़ की लागत से आठ किमी,
- 2-लेन ट्वीन टनल का डीपीआर जून, 2024 तक बन जाएगा
- देहरादून से टिहरी के बीच पांच हजार करोड़ की लागत से 35 किमी,
- 2-लेन टनल का डीपीआर दिसंबर,2024 तक बन जाएगा
- देहरादून में 7,200 करोड़ की लागत से 43 किमी, फोर लेन ग्रीनफील्ड रिंग रोड का डीपीआर नवंबर, 2024 तक बन जाएगा
- हरिद्वार में 1,603 करोड़ की लागत से 15 किमी, फोर लेन ग्रीनफील्ड बाईपास अक्टूबर, 2024 में बन जाएगा।
- रुद्रपुर में 1,051 करोड़ की लागत से 21 किमी, फोरलेन बाईपास का काम जनवरी, 2026 से काम पूरा हो जाएगा।
फोर लेन मार्ग निर्माण का काम दो पैकेज में
पैकेज एक: पोंटा साहब से मेदनीपुर तक 553 करोड़ की लागत 19 किमी, फोरलेन का काम मई 2025 तक पूरा हो जाएगा।
पैकेज दो: मेदनीपुर से बल्लूपुर तक 1,093 करोड़ की लागत से 26 किमी, फोर लेन फरवरी, 2025 में काम पूरा हो जाएगा।

+ There are no comments
Add yours