खबर रफ़्तार, नैनीताल: उत्तराखंड में अब पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने वाली है। नैनीताल शहर में क्रिसमस व नववर्ष पर्यटन सीजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। एसडीएम ने बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान तय किया गया कि शहर के पार्किंग स्थल 70 प्रतिशत फुल होने के बाद पर्यटक वाहनों को एंट्री प्वाइंट रूसी और नारायण नगर, भवाली सेनेटोरियम क्षेत्र में पार्क कर शटल सेवा से शहर तक भेजा जाएगा।
भीड़ बढ़ने पर पर्यटकों की बाइकों को भी शहर में एंट्री नहीं मिलेगी। एसडीएम ने नगरपालिका, जल संस्थान व ऊर्जा निगम अधिकारियों को व्यवस्थाएं जुटाने के निर्देश दिए हैं। शहर में लगातार लोगों की बढ़ती भीड़ के चलते अब जाम की समस्या न हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
सोमवार को जिलाधिकारी वंदना के निर्देश पर एसडीएम प्रमोद कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में पर्यटन कारोबारियों व विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान क्रिसमस व नववर्ष को लेकर होटलों में एडवांस बुकिंग व पर्यटकों की आमद पर विस्तृत चर्चा की गई। कारोबारियों ने कहा कि क्रिसमस पर कारोबार सामान्य रहेगा मगर नववर्ष पर लंबा वीकेंड होने के कारण भीड़ अधिक रहने की संभावना है, इसलिए पर्याप्त इंतजाम करने होंगे।
क्रिसमस और नए साल के लिए बना ट्रैफिक प्लान
एसडीएम ने बताया कि पर्यटकों की आमद को देखते हुए क्रिसमस व नववर्ष पर विशेष यातायात प्लान लागू किया जाएगा। शहर के भीतरी पार्किंग स्थल 70 प्रतिशत फुल होने के बाद पर्यटक वाहनों को एंट्री प्वाइंट पर ही रोक दिया जाएगा। इस वर्ष भवाली रोड पर भी जहां से शटल सेवा से पर्यटकों को शहर भेजा जाएगा। इस दौरान पर्यटक बाइकों को भी शहर में एंट्री नहीं मिलेगी। हालांकि स्थानीय लोगों के लिए पूर्व की तरह चल रही व्यवस्था लागू रहेगी।
दिए अधिकारियों को निर्देश
नग पालिका को एंट्री प्वाइंट पर शौचालय व अलाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में सीओ विभा दीक्षित, तहसीलदार संजय कुमार, शिवराज नेगी, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:उत्तराखंड में एक बार आग से बड़ा हादसा, रेस्टोरेंट में आधी रात को लगी आग, सारा सामान जलकर राख
होटलों की पार्किंग की होगी जांच
एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि पार्किंग वाले होटल में एडवांस बुकिंग कराकर पहुंच रहे पर्यटकों को एंट्री प्वाइंट पर नहीं रोका जाएगा। मगर होटल कारोबारियों की ओर से उपलब्ध कराई गई सूची वाले होटलों में कितनी पार्किंग क्षमता है इसकी जांच की जाएगी। साथ ही होटल कारोबारियों को मालरोड समेत होटलों को बिजली मालाओं से सुसज्जित करने की अपील की गई है।

+ There are no comments
Add yours