-
एशियाई युवा शतरंज : भारत के लिए जीता रजत पदक
खबर रफ़्तार, किच्छा: उत्तराखण्ड प्रदेश की सबसे अधिक रेटेड महिला खिलाड़ी देहरादून की शेराली पटनायक ने अपनी बेहतरीन चालों से प्रतिद्वंद्वी को शिकस्त देकर एशियाई शतरंज में भारत के लिए रजत पदक जीता है। बता दें कि शेराली ने यूएई में चल रही एशियाई यूथ रैपिड शतरंज प्रतियोगिता में अंडर-14 आयु वर्ग में खेलते हुए अपना दूसरा इंटरनेशनल पदक जीता है। शेराली पटनायक ने पिछले वर्ष श्रीलंका में आयोजित राष्ट्रीय मण्डल खेलों में अपना पहला इंन्टरनेशनल रजत पदक जीता था।
13 वर्षीय शेराली ने 7 में से 6 मुकाबले जीतकर पदक जीता। अब वह रेपिड के अलावा शतरंज की अन्य स्पर्धा में भी खेलेंगी। ऐशियन यूथ शतरंज चैम्पियनशिप में 21 देशों के 18 वर्ष से कम उम्र के 600 से अधिक बच्चे भाग ले रहे हैं। खेल प्रारम्भ होने से पहले शेराली का 18वाँ स्थान था। शेराली ने यूएई की अल रीम मुबारक, फिडे की खाफीजोआ तथा टेबरमकोवा, भारत की अश्विनिका, कजाकिस्तान की कलियखमेट और कैन्टर एलीजाबेटा को हराकर दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक पर कब्जा किया। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने 146 ईलो प्वाईंट भी बढ़ाये ।
यह भी पढ़ें –उत्तराखंड: असमंजस में परीक्षार्थी, बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम अब तक घोषित नहीं, नहीं बना पा रहे पढ़ाई की बेहतर कार्ययोजना
शेराली की सफलता पर उनके परिवार तथा उत्तराखण्ड राज्य शतरंज के सचिव श्री संजीव चौधरी तथा अन्य शतरंज खिलाड़ियों आदि ने बधाई दी। सात साल की उम्र से शतरंज खेलने वाली शेराली का लक्ष्य ग्रैंड मास्टर बनने का है। वह इसी लक्ष्य के साथ लगातार अपने खेल को आगे बढ़ा रही हैं। शेराली ने इस वर्ष राष्ट्रीय स्तरीय सभी प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें उनका शानदार प्रदर्शन रहा। शेराली पटनायक अपने बेहतरीन खेल प्रदर्शन से देश के साथ-साथ उत्तराखण्ड राज्य का नाम भी रोशन कर रही हैं।
