खबर रफ्तार, रुद्रपुर: Rudrapur ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में मायके आई एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस प्रारंभिक जांच में जहर खाने की आशंका जता रही है, जबकि मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिम निवासी रामवीर सिंह पिछले कई वर्षों से ट्रांजिट कैंप स्थित वसुंधरा गुरुबक्स कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहे हैं। उनकी 24 वर्षीय बेटी काजल एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। उसका विवाह 18 फरवरी 2026 को किच्छा के पंजाबी मोहल्ला निवासी अजय शर्मा के साथ हुआ था।
पुलिस के मुताबिक काजल पिछले करीब 15 दिनों से अपने मायके में रह रही थी। रविवार शाम उसकी अपने पति से फोन पर बातचीत के दौरान कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। शुरुआती जांच में जहर सेवन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
विवाह को सात वर्ष से कम समय होने के कारण मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतका के भाई पवन शर्मा ने आरोप लगाया कि बहन की मौत के बाद ससुराल पक्ष के एक रिश्तेदार ने उन्हें कानूनी कार्रवाई न करने के लिए धमकाया।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

+ There are no comments
Add yours