Yamuna के तेज बहाव में फंसा मजदूर, SDRF ने चट्टान से किया सुरक्षित रेस्क्यू

ख़बर रफ़्तार, उत्तरकाशी : Yamuna उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन और पुलिस की ओर से लगातार लोगों को नदी और बरसाती नालों से दूर रहने की अपील की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद कई लोग चेतावनी को नजरअंदाज कर रहे हैं। इसी बीच उत्तरकाशी जिले में यमुना नदी के तेज बहाव में एक मजदूर के फंसने का मामला सामने आया।

घटना यमुनोत्री रोड पर खरादी क्षेत्र की है, जहां यमुना नदी में एक युवक तेज बहाव के बीच फंस गया। बताया गया कि युवक किसी तरह नदी के बीच मौजूद एक चट्टान तक पहुंचा और जान बचाने के लिए उसी के ऊपर चढ़ गया।

स्थानीय व्यक्ति ने बड़कोट पुलिस को सूचना दी कि खरादी क्षेत्र में एक व्यक्ति यमुना नदी के बीच फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर आशुतोष चौहान के नेतृत्व में SDRF की टीम जरूरी रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। टीम ने कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।

SDRF कर्मियों ने देखा कि युवक तेज बहाव के बीच एक चट्टान पर फंसा हुआ है। पूछताछ में उसकी पहचान सुजीत यादव पुत्र नरेश यादव, निवासी पुरंदरपुर, थाना नौतन, जिला बेतिया, बिहार के रूप में हुई। सुजीत मजदूरी का काम करता है।

जानकारी के मुताबिक सुजीत यमुना नदी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगा। अपनी जान बचाने के लिए उसने नदी के बीच एक चट्टान को पकड़ लिया और किसी तरह उसके ऊपर चढ़ गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची SDRF टीम ने जोखिम के बीच त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद उसे सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

गौरतलब है कि उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर लगातार जारी है। बारिश के कारण कई जगह नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि भूस्खलन के चलते कई संपर्क मार्ग बाधित हो रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में कई स्थानों पर मकानों को भी नुकसान पहुंचा है और कुछ घर भूस्खलन की चपेट में आने की स्थिति में हैं।

मौसम विभाग की ओर से लगातार अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास न जाने की अपील की जा रही है। वहीं प्रशासन और राहत-बचाव दलों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

You May Also Like

More From Author