Vietnam: ‘बुआलोई’ तूफान का कहर; वियतनाम में मूसलधार बारिश और भूस्खलन, 19 की जान गई

खबर रफ़्तार, हनोई: वियतनाम में ‘बुआलोई’ तूफान के बाद मूसलधार बारिश और भूस्खलन से अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग लापता हैं। भारी बारिश से सड़कें और गांवों का संपर्क टूट गया है, नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया और राजधानी हनोई तक जलभराव की स्थिति बन गई। विशेषज्ञों के अनुसार, जलवायु परिवर्तन के कारण अब ऐसे तूफान और ज्यादा खतरनाक हो गए हैं।

वियतनाम में ‘बुआलोई’ तूफान की वजह से लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। इससे बाढ़ के साथ-साथ कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं बढ़ी हैं। देश में इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है और कई लोग अब भी लापता हैं। मंगलवार को राष्ट्रीय मौसम एजेंसी ने जानकारी दी कि पिछले चौबीस घंटों में वियतनाम के कुछ हिस्सों में 30 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश हुई है। एजेंसी ने चेतावनी दी कि भारी अभी जारी रहेगी।

लंबे समय हो रही बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुईं, जिनसे सड़क संपर्क टूट गया और कई गांव अलग-थलग पड़ गए। ये घटनाएं उत्तर के सोन ला और लाओ काई प्रांतों से लेकर मध्य वियतनाम के न्गे आन प्रांत तक हुई हैं। बारिश और बांधों से छोड़ने के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ा, जिससे उत्तर में कई जगहों पर बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुईं। येन बाई क्षेत्र में थाओ नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया। घरों में पानी एक मीटर तक भर गया और लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाना पड़ा।

राजधानी हनोई की कई सड़कों पर जलभराव हो गया। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि लाल नदी के पास रहने वाले लोग सावधानी बरतें। सरकारी मीडिया ने मंगलवार को बताया कि अब भी 13 लोग लापता हैं, जिनमें आठ मछुआरे शामिल हैं। तूफान बुआलोई इससे पहले शुक्रवार से फिलीपींस में 20 लोगों की जान ले चुका है।

यह तूफान सोमवार सुबह वियतनाम के तट पर पहुंचा और वहीं रुका रहा, जिससे खतरा और बढ़ गया। विशेषज्ञों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण इस तरह के तूफान पहले से ज्यादा तेज हो गए हैं। गर्म महासागर इन तूफानों को ज्यादा उर्जा देते हैं, जिससे तेज हवाएं, भारी बारिश और मौसम के पैटर्न बदलते हैं, खासकर पूर्वी एशिया में।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours