Uttarakhand: लगातार बारिश से मौसम हुआ सुहावना, पर्वतीय क्षेत्रों में तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी

खबरे शेयर करे -

खबर रफ़्तार,देहरादून: Uttarakhand में बीते दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश का असर मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है और मौसम सुहावना हो गया है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को देहरादून में करीब एक घंटे तक हुई लगातार बारिश के बाद अधिकतम तापमान में लगभग छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि 27.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

जून की शुरुआत से ही प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। बीच-बीच में हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण गर्मी का असर कम हुआ है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी और पेड़ गिरने की घटनाओं से यातायात प्रभावित हुआ। संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन की मदद से सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाकर यातायात बहाल किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और बदलते जलवायु पैटर्न के कारण मौसम में इस तरह के बदलाव देखने को मिल रहे हैं। विभाग के अनुसार आगामी 11 जून तक प्रदेशभर में मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।

शनिवार को भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों के साथ मैदानी क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अलावा पहाड़ी इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours