चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड तैयार, पंजीकरण शुरू

खबर रफ्तार, देहरादून : उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर देवभूमि पूरी तरह तैयार हो चुकी है। यात्रा के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन ने सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी हैं। इसी क्रम में परिवहन विभाग ने भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना कर यात्रा की सफलता की कामना की।

ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में यात्रियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शनिवार सुबह छह बजे से शुरू कर दी गई। कुल 30 काउंटरों पर रजिस्ट्रेशन हो रहा है, जिनमें 24 ट्रांजिट कैंप और 6 आईएसबीटी में संचालित किए जा रहे हैं। दोपहर 12 बजे तक लगभग 150 यात्रियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें सबसे पहले नेपाल से आए 30 श्रद्धालु शामिल रहे।

यात्रा प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। साफ-सफाई और कर्मचारियों की तैनाती को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार सुबह 11 बजे यात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ करेंगे।

इस बीच, आईएसबीटी सभागार में एसपी देहात जया बलूनी की अध्यक्षता में ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध (डग्गामार) वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग उठाई गई। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान केवल उन्हीं वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी किया जा रहा है, जिनके पास उसी दिन की वैध टोल पर्ची होगी।

अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए 15 दिन की अवधि का ग्रीन कार्ड बनाया जा रहा है। साथ ही नए नियम के तहत राज्य के वाहन केवल राज्य के भीतर से ही यात्रियों को लेंगे और छोड़ेंगे।

नगर निगम ने व्यापारियों को नालियों पर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यात्रा मार्गों पर बने अवैध स्टैंड और अतिक्रमण को जल्द हटाया जाएगा।

नेपाल से आए श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें स्वास्थ्य परीक्षण, दवाइयों और सुरक्षा संबंधी जानकारी समय पर उपलब्ध कराई गई। उन्होंने यात्रा को लेकर उत्साह व्यक्त किया और सफल दर्शन की कामना की।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours