Uttarakhand मतदाता पुनरीक्षण अभियान में तेजी लाने के निर्देश, तीन जिलों की प्रगति पर जताई नाराजगी

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Uttarakhand में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बुधवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में अभियान के तहत गणना फार्म वितरण की स्थिति का जायजा लिया गया और धीमी प्रगति वाले जिलों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान देहरादून, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में गणना फार्म वितरण की अपेक्षाकृत धीमी रफ्तार पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को अभियान को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने और निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

वहीं चम्पावत, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ को सर्वाधिक गणना फार्म वितरित करने वाले जिलों के रूप में सराहा गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इन जिलों का प्रदर्शन अन्य जनपदों के लिए प्रेरणादायक है।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शहरी क्षेत्रों में आवासीय कॉलोनियों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य प्रमुख स्थानों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाई जा सके। साथ ही बीएलओ, आईटी वॉलंटियर्स और बूथ अवेयरनेस ग्रुप की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि अभियान के तीसरे दिन तक प्रदेश में करीब 19 लाख मतदाताओं को गणना फार्म वितरित किए जा चुके हैं। यह राज्य के कुल मतदाताओं का लगभग 24 प्रतिशत हिस्सा है। निर्वाचन विभाग का लक्ष्य अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास जारी रखने का भरोसा दिलाया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours