Uttarakhand कांग्रेस की अहम बैठक: कुमारी सैलजा ने वरिष्ठ नेताओं के साथ बनाई आगामी रणनीति, राहुल-प्रियंका के दौरे पर भी चर्चा

ख़बर रफ़्तार ,देहरादून : उत्तराखंड में आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा के छह दिवसीय दौरे के बाद रविवार को देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के अलग-अलग जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से मिले फीडबैक के आधार पर संगठन की स्थिति और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।

संगठन की मजबूती पर हुआ मंथन

कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी और नेता शामिल हुए। बैठक के दौरान जिला और ब्लॉक स्तर पर पार्टी की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की भूमिका और संगठन को और मजबूत बनाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के बाद कुमारी सैलजा ने कहा कि इस तरह की बैठकें कांग्रेस की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा हैं। पार्टी में समय-समय पर नेताओं के साथ बैठकर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाती है। उन्होंने कहा कि सभी नेता एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिल रहा है।

सैलजा ने उत्तराखंड में जिला स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर तक कांग्रेस की सक्रियता पर संतोष जताया। उन्होंने बताया कि बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के संभावित उत्तराखंड दौरों को लेकर भी वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया गया।

भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा

बैठक में प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान सामने आए अनाचार, अत्याचार, भ्रष्टाचार और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने इन मुद्दों को जनता के बीच मजबूती से उठाने और सरकार को घेरने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर जोर दिया।

इसके साथ ही प्रदेशभर में संगठन को सक्रिय करने और आगामी राजनीतिक अभियानों को धार देने को लेकर भी नेताओं ने अपने सुझाव रखे।

कुमारी सैलजा ने दिए अभियान को लेकर निर्देश

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बैठक के बाद बताया कि कुमारी सैलजा ने अपने छह दिवसीय दौरे के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर जमीनी हालात की जानकारी जुटाई है। इसी फीडबैक के आधार पर वरिष्ठ नेताओं के साथ सरकार के कामकाज और कांग्रेस के आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

गोदियाल के मुताबिक, कुमारी सैलजा ने पार्टी के अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के आधार पर आगामी अभियान की रूपरेखा तैयार की जा रही है। पार्टी का लक्ष्य जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और प्रदेश के हर क्षेत्र में संगठन को सक्रिय बनाना है।

You May Also Like

More From Author