ख़बर रफ़्तार, जॉब्स : यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित हो चुका है। राजस्थान के रावतभाटा के अनुज अग्निहोत्री ने इस परीक्षा में टॉप किया है। दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम हैं। तीसरे स्थान पर पंचकुला के एकांश ढुल हैं। कुल मिलाकर 958 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है
UPSC CSE 2025 Final Result: यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी हो चुका है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में राजस्थान के रावतभाटा के अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है, जबकि तमिलनाडु की राजेश्वरी सुवे एम दूसरे और पंचकुला के एकांश ढुल तीसरे स्थान पर रहे। इस बार कुल 958 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। आइए जानते हैं इन टॉपर्स की पढ़ाई, पृष्ठभूमि और सफलता की कहानी।
Anuj Agnihotri UPSC Topper: कौन हैं अनुज अग्निहोत्री?
राजस्थान के एक छोटे शहर से आने वाले अनुज अग्निहोत्री ने अपनी मेहनत और लगन से सिविल सेवा की तैयारी में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। अनुज ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 में शीर्ष स्थान हासिल किया है। वह राजस्थान के रावतभाटा के रहने वाले हैं। अपनी स्कूली शिक्षा उन्होंने यहीं से पूरी की। इसके बाद, उन्होंने मेडिकल क्षेत्र में पढ़ाई करते हुए एम्स जोधपुर से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की।
डॉक्टर बनने के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं की ओर रुख किया और फिलहाल DANICS (दिल्ली, अंडमान और निकोबार सिविल सेवा) में प्रोबेशनर के रूप में कार्यरत हैं।
कौन हैं दूसरी रैंक हासिल करने वालीराजेश्वरी सुवे एम?
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 2 हासिल करने वाली राजेश्वरी सुवे एम तमिलनाडु के मदुरै जिले से आती हैं। उन्होंने इलैक्ट्रिकल और इलैक्ट्रॉनिक्स में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (BE) की है। राजेश्वरी का वैकल्पिक विषय समाजशास्त्र (Sociology) था।
कौन हैं तीसरी रैंक हासिल करने वाले एकांश ढुल?
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 3 हासिल करने वाले एकांश ढुल पंचकुला के रहने वाले हैं। वह भाजपा नेता कृष्ण ढुल के बेटे हैं। उन्होंने पहले भी दो बार यूपीएससी परीक्षा पास की है, उनका लगातार तीसरी बार चयन हुआ है। 25 साल के एकांश ढुल ने एक बार फिर अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
एकांश ढुल कितने पढ़े-लिखे हैं?
एकांश ढुल ने अपनी स्कूली शिक्षा चंडीगढ़ के संत कबीर पब्लिक स्कूल और भवन विद्यालय से पूरी की है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) से कॉमर्स की पढ़ाई की है। उन्हें डिबेटिंग और वीडियो गेमिंग का शौक है।
+ There are no comments
Add yours