Nainital में बेकाबू ट्रक ने मचाई तबाही, दिल्ली की दो महिला पर्यटक गंभीर रूप से घायल

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, उत्तराखंड : Nainital नैनीताल में शुक्रवार को एक गंभीर सड़क हादसे ने लोगों को स्तब्ध कर दिया। मल्लीताल स्थित पुराने घोड़ा स्टैंड के पास जल संस्थान का एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर भीड़ की ओर बढ़ गया। इस दौरान दिल्ली से घूमने आई दो महिला पर्यटक उसकी चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक पहले सड़क पर खड़ी एक वैन से टकराया, जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रक तेजी से आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे मौजूद लोगों की ओर चला गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही दो महिला पर्यटक उसकी चपेट में आ गईं।

हादसा इतना भीषण था कि एक महिला का हाथ और दूसरी का पैर ट्रक के पहिए के नीचे आने से बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, घायल महिलाओं की पहचान 42 वर्षीय रितु डांग और 20 वर्षीय भारवी के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने जल संस्थान के वाहनों के संचालन और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ट्रक के अनियंत्रित होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours