उत्तराखंड: दवा कंपनी में लगी आग, दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाई

खबर रफ़्तार,रुड़की: दवा कंपनी में आग लगते ही कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई।

एक दवा बनाने वाली कंपनी में संदिग्ध हालात में आग लग गई। आग देख कंपनी में मौजूद कर्मचारियों ने बाहर निकलकर जान बचाई। वहीं, सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर काबू पाने से बड़ा नुकसान होने से बच गया।

भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम रायपुर के पास दवा बनाने वाली मेड मैनर फार्मा कंपनी है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे कंपनी के अंदर सभी कर्मचारी काम कर रहे थे। इस बीच कंपनी में जहां कच्चा माल रखा रहता है वहां पर अचानक आग लग गई। आग देख कर्मचारियों में भगदड़ मच गई।

आग की सूचना कंपनी मालिक और पुलिस को दी गई। पुलिस ने आग की सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दो गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया। दमकल विभाग के अधिकारी केशव दत्त तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से होना प्रतीत हो रही है। आग से अधिक नुकसान नहीं हुआ है।

You May Also Like

More From Author