हल्द्वानी: में पुलिस हिरासत से चकमा देकर भागा संदिग्ध…पुलिस और एसओजी की टीमें जगह-जगह दबिश दे रही

ख़बर रफ़्तार, हल्द्वानी : जनपद हल्द्वानी के आरटीओ पुलिस चौकी में से लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। जहां पुलिस कस्टडी में लाए गए एक संदिग्ध के फरार होने की सूचना मिली है। वहीं, इस मामले को लेकर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। पुलिस और एसओजी की टीमें संदिग्ध की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक फरार संदिग्ध का नाम प्रेम पाल है। जिसे पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से हिरासत में लिया था। प्रेम पाल का संबंध कुछ महीने पहले हल्द्वानी में एक बड़े व्यापारी के घर हुई चोरी के गिरोह से बताया जा रहा है। पुलिस संदिग्ध से पूछताछ करने के लिए आरटीओ चौकी लाई थी। इसी दौरान उसने टॉयलेट जाने की अनुमति मांगी और मौके से फरार हो गया। पुलिस का दावा है कि संदिग्ध की हरकतों पर नजर रखी जा रही थी। लेकिन, वह सुरक्षा को चकमा देकर भागने में सफल रहा। संदिग्ध के फरार होने के बाद से पुलिस और एसओजी की टीमों ने क्षेत्र में जगह-जगह चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।

वहीं, संदिग्ध के कस्टडी से फरार होने की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। उच्च अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है।

You May Also Like

More From Author