चार किशोरों को 70 फीट तक घसीटते ले गई तेज रफ्तार बोलेरो, दो की मौत; दो घायल

खबर रफ्तार, सीहोर : सीहोर शहर में मोती बाबा मंदिर के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खड़े चार किशोरों को टक्कर मार दी। हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी चालक मौके से फरार है।

सीहोर शहर में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मोती बाबा मंदिर के पास तेज रफ्तार से दौड़ती हुई एक बेकाबू बोलेरो ने सड़क किनारे खड़े चार किशोरों को बेरहमी से टक्कर मार दी।

हादसा इतना भयावह था कि बोलेरो चारों को करीब 70 फीट तक घसीटते हुए ले गई और फिर ट्रैक्टर व टैंकर से टकराने के बाद एक चाय की दुकान में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार महू निवासी अमित कौशल (16) अपने मौसी के घर लुनिया चौराहा सीहोर आया हुआ था। शनिवार रात करीब 11:30 बजे अमित अपने मौसेरे भाई प्रिंशु कौशल (13) और अपने दो अन्य साथियों धीरज व रेंचो के साथ मोती बाबा मंदिर के पास सड़क किनारे एक बाइक के पास खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहा थे। चारों किशोर बेखबर होकर चर्चा में लगे थे, तभी अचानक सामने से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
70 फीट तक घसीटते हुए ले गई बोलेरो
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही चारों किशोर बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इसके बाद भी वाहन नहीं रुका और उन्हें करीब 70 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। बेकाबू बोलेरो इसके बाद सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर और टैंकर से टकराई और फिर जाकर इंदर की चाय की दुकान में घुस गई। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके पर दौड़ पड़े।
मौके पर मौत, अस्पताल में टूटी सांस
हादसा इतना वीभत्स था कि अमित कौशल की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल प्रिंशु कौशल को तुरंत इलाज के लिए भोपाल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल धीरज और रेंचो को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटनास्थल पर मची चीख-पुकार
दुर्घटना के बाद मोती बाबा मंदिर क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर घायल बच्चों को देखकर लोगों के होश उड़ गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और हर तरफ चीख-पुकार का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन का चालक दुर्घटना के बाद गाड़ी छोड़कर भाग निकला। पुलिस अब वाहन के आधार पर चालक की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

बोलेरो पर लिखा था “मध्य प्रदेश शासन”
मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस बोलेरो से हादसा हुआ उस पर “मध्य प्रदेश शासन” लिखा हुआ था। बताया जा रहा है कि वाहन किसी रमेश राठौड़ नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है और वाहन मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में लगा होना बताया जा रहा है।

हालांकि, पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और वाहन के वास्तविक मालिक और चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र यादव के अनुसार पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा और हादसे के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours