रुद्रपुर के दोहरे हत्याकांड का आरोपी राज उर्फ जगदीश गिरफ्तार, सोनाली से एकतरफा प्यार में दिया घटना को अंजाम

खबर रफ़्तार, रुद्रपुर : रुद्रपुर के वार्ड नंबर 7 शिवनगर, नई बस्ती में हुए दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाले राज उर्फ जगदीश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उस पर 50000 का इनाम घोषित किया गया था।

आपको बता दें कि दो अगस्त की रात शिव नगर में संजय यादव और उसकी पत्नी सोनाली की गला काटकर हत्या कर दी गई थी, जबकि मां गौरी मंडल को चाकू मारकर घायल कर दिया गया था। रात के समय हुई इस घटना के बाद आरोपी राज उर्फ जगदीश फरार हो गया था। वह ग्राम रामपुर अनावा, तहसील पुवायां, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) का मूल निवासी था। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही थीं। इसके साथ ही सैकड़ो की संख्या में सीसीटीवी भी खंगाले गए।

आज पुलिस ने रामपुर से राज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राज ने बताया कि वह सोनाली से बहुत प्यार करता था जबकि सोनाली उसे बिल्कुल लिफ्ट नहीं देती थी। एकतरफा प्यार में उसने सोनाली और संजय यादव को मारने की ठान ली थी। दोनों की हत्या के बाद जब बूढ़ी मां गौरी मंडल बीच में आई तो उसको भी चाकू मार दिया और संजय के पुत्र जय को धक्का देकर फरार हो गया।

आपको बता दें कि इस घटना की रिपोर्ट मृतका सोनाली की बहन रूपाली की ओर से दर्ज कराई गई थी। राज उर्फ जगदीश के बारे में बताया जाता है कि वह पूर्व में सोनाली के घर के सामने किराए पर रहता था। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि वह सोनाली को मन ही मन अपनी पत्नी मानने लगा था, परंतु सोनाली ने कभी उसे भाव नहीं दिया, जिससे उसने सोनाली और उसके पति संजय यादव को जान से मारने की योजना बनाई। इसके लिए उसने काँपा खरीदा और यह ठान लिया कि अगर सोनाली उसकी नहीं हुई तो किसी और की नहीं हो सकती। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त काँपा और एक मोबाइल के अलावा ₹650 बरामद किए हैं।

You May Also Like

More From Author