ख़बर रफ़्तार, नैनीताल: जिला प्रशासन की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का सोमवार व मंगलवार का दो दिवसीय कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन कड़ी सुरक्षा व यातायात प्रबंध कर लिए गए हैं।
तीन और चार नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नैनीताल भ्रमण व प्रवास पर हैं। नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन कड़ी सुरक्षा व यातायात प्रबंध कर लिए गए हैं। एसएसपी ने कहा राष्ट्रपति विश्राम करेंगी, लेकिन पुलिस बल सावधान रहेगा, एक छोटी सी चूक राज्य की छवि खराब कर सकती है।
वीवीआईपी सुरक्षा ड्यूटी के सभी मापदंडों का हो पालन: आईजी
आईजी रिद्धिम अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक सुरक्षा अभिसूचना मुख्यालय करन सिंह नगन्याल की ओर से सभी ड्यूटी में मौजूद पुलिस बल को वीवीआईपी सुरक्षा ड्यूटी के सभी मापदंडों के अनुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। अलर्ट मोड में रहते हुए सुव्यवस्थित मार्ग व्यवस्था स्थापित करने, कार्यक्रम स्थल में किसी का भी अनाधिकृत प्रवेश वर्जित करने तथा त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था स्थापित करने को कहा। साथ ही जिले के सभी थानों में सत्यापन अभियान चलाने तथा बॉर्डरो पर प्रभावी चेकिंग के निर्देश दिए गए। साथ ही आईजी सुरक्षा अभिसूचना मुख्यालय की ओर से विगत महिनों में घटित आतंकी घटनाओं के मद्देनजर सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए सभी अधिकारी और कर्मचारियों को सतर्क रहकर अपना कर्तव्य निर्वहन करने को कहा गया। कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना से तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं।
पुलिस को प्रशासन की टीमों का मिलेगा पूर्ण सहयोग: डीएम
डीएम ललित मोहन रयाल ने अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि पुलिस को प्रशासन की टीमों की ओर से सभी आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। सभी टीमों को बेहतर समन्वय के साथ वीवीआईपी कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के दिशा निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान इस प्रकार डाइवर्जन किया जाए कि जनता के सुगम आवागमन की व्यवस्था बनी रहे। जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। सभी इंटेलिजेंस टीम, बीडीएस, स्वान दल, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम, फायर, एसडीआरएफ टीमों को एक्टिवेट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह दिए गए निर्देश
– अपने चारों तरफ क्या हो रहा है इसकी जानकारी रखें।
– पहचान पत्र साथ में रखें और अनावश्यक आपसी वार्ता या मोबाइल का प्रयोग न करें।
– कार्यक्रम समाप्त होने का आदेश जारी होने तक ड्यूटी पॉइंट न छोड़ें।
– कोई भी समस्या अथवा जानकारी के अभाव होने पर उच्चाधिकारी के संज्ञान में लाएं।
– कार्यक्रम स्थल पर नियुक्त पुलिस फोर्स का ध्यान कार्यक्रम पर नहीं बल्कि उसके आस-पास क्या प्रतिक्रिया हो रही है उसे पर होना जरूरी है।
– जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाय।
– ड्रोन को प्रतिबंधित किया गया है, एंटी ड्रोन सिस्टम विकसित करें।
– सभी कार्यक्रम और प्रवास स्थलों में एटीएस टीमों को एक्टिवेट किया गया है।
यह बल किया गया तैनात
राजपत्रित अधिकारी- 31
निरीक्षक- एसआई- 302
हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल- 938
पीएसी- 03 कंपनी 02 प्लाटून
फायर, एटीएस, एसडीआरएफ, बीडीएस की टीमें
राज्यपाल आज पहुंचेंगे नैनीताल
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) तीन व चार नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रवास कार्यक्रम को देखते हुए नैनीताल भ्रमण पर रहेंगे। वह सोमवार को दोपहर 2:35 बजे जीटीसी हेलिपैड देहरादून से प्रस्थान कर राजभवन नैनीताल में राष्ट्रपति के कार्यक्रम में शामिल होंगे। मंगलवार को भी वह राष्ट्रपति के साथ कार्यक्रमों में रहेंगे। शाम चार बजे आर्मी हेलिपैड हल्द्वानी से तराई भवन, पंतनगर के लिए प्रस्थान करेंगे।
