खबर रफ़्तार, नई दिल्ली : पीएम मोदी ने एक दिन पहले कांग्रेस सरकार पर विदेशी दबाव में सेना को कार्रवाई से रोकने का आरोप लगाया, जबकि पी. चिदंबरम ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने उनकी बात को तोड़-मरोड़ कर पेश किया। 26/11 हमलों की पृष्ठभूमि में अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें पीएम ने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद तत्कालीन सरकार पर पाकिस्तान पर हमला न करने का आरोप लगाया था। पी. चिदंबरम ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो बातें उन पर थोपी हैं, वे ‘पूरी तरह गलत’ हैं। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘माननीय प्रधानमंत्री ने जो तीन बातें कही हैं, वे तीनों गलत हैं, बहुत गलत हैं। दुख की बात है कि उन्होंने कल्पना की और उन्हें मेरे नाम से जोड़ दिया।’
पीएम मोदी के बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा कांग्रेस पर ‘कमजोरी दिखाने’ का आरोप लगा रही है, जबकि कांग्रेस इसे प्रधानमंत्री की तरफ से ‘गलत बयान गढ़ना’ बता रही है। बता दें, 26 नवंबर 2008 को मुंबई हमलों में आतंकियों ने मुंबई में कई जगहों पर हमला किया था, इसमें ताज महल पैलेस होटल, रेलवे स्टेशन और कैफे को निशाना बनाया गया। इस हमले में 160 से ज्यादा लोग मारे गए और सैकड़ों घायल हुए थे।

+ There are no comments
Add yours