Devprayag के चकासा क्षेत्र में अनियंत्रित होकर नदी में समाई कार, पुलिस-एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटीं

खबरे शेयर करे -

खबर रफ्तार, उत्तराखंड: Devprayag क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चकासा स्थित गंगा होटल दर्शन के समीप एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए अलकनंदा नदी में जा समाई।

घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ तथा प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नदी में गिरे वाहन का पंजीकरण नंबर UK 08 TA 5433 बताया जा रहा है। हालांकि वाहन में कितने लोग सवार थे और दुर्घटना के समय क्या परिस्थितियां थीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क से नीचे नदी की ओर गिर गई। अलकनंदा नदी के तेज बहाव और घटनास्थल के दुर्गम भूभाग के कारण बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन का कहना है कि वाहन और उसमें मौजूद लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। राहत एवं बचाव दल लगातार खोज अभियान में जुटे हुए हैं। मामले में अधिकृत जानकारी सामने आने के बाद ही दुर्घटना के कारणों और संभावित हताहतों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours