ख़बर रफ़्तार, हाथरस : एनएसजी कमांडो अपने साथियों के साथ एक मित्र के यहां होली खेलने आए थे। सभी कार से अपने गांव लौट रहे थे। लौटते समय कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े नीम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में एनएसजी कमांडो की मौत हो गई।
हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में 6 मार्च तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एनएसजी कमांडो की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया।
मथुरा जिले के राया थाना क्षेत्र के गांव गुडेरा निवासी योगेंद्र सिंह उर्फ भूरा एनएसजी कमांडो था। 5 मार्च को वह अपने साथियों विष्णु कुमार, सत्यवीर सिंह और जीतू के साथ सादाबाद क्षेत्र के गरीबा गांव में मित्र के यहां होली खेलने आए थे। 6 मार्च तड़के तीन बजे चारों युवक कार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सादाबाद-राया मार्ग पर गांव पल्हावत के पास मंदिर के निकट उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े नीम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

+ There are no comments
Add yours