खबर रफ्तार, रायपुर : छत्तीसगढ़ में एक तरफ पुलिस यातायात जागरूकता माह चला रहा है, वहीं दूसरी तरफ सड़क पर हादसों का क्रम नहीं थम रहा है. रविवार को हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जाते-जाते बची. हादसों में घायल सवारों को अस्पताल में दाखिल किया गया है.
पहली दुर्घटना जशपुर जिले के फरसाबहार थाना क्षेत्र के सिकरीमा की पास हुई, जिसमें माटीपहाड़छर्रा से जशपुर जा रही बालाजी ट्रेवल्स की बस कुत्ते को बचाने के प्रयास में पटल गई. बस में दर्जनों यात्री सवार थे. घायलों को एम्बुलेंस व निजी वाहनों से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. फिलहाल, घायलों की संख्या की पुष्टि नहीं हो पाई है.

वहीं दूसरी दुर्घटना बलौदा बाजार जिले के मल्लिन नाला के पास डोटोपार क्षेत्र में आज सुबह घटित हुई. जिसमें आगे का टायर फटने से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सामने से आ रहे टेलर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें एक महिला भी शामिल है. सभी यात्री कसडोल वार्ड क्रमांक 8 के निवासी बताए जा रहे हैं, जो रायपुर में आयोजित सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे.
हादसे में स्कॉर्पियो चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया था, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. दुर्घटना में सभी यात्रियों को चोटें आई हैं. इधर स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया. इनमें से गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों को पुलिस वाहन से लवन अस्पताल भिजवाया गया.

+ There are no comments
Add yours