Haldwani में सब्जी की आड़ में स्मैक तस्करी, 64.80 लाख की स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार

ख़बर रफ़्तार , हल्द्वानी : उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत नैनीताल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने हल्द्वानी में एक कथित स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 216 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 64 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सब्जी बेचने के कारोबार की आड़ में नशे की तस्करी कर रहा था।

मंडी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी

मामले का खुलासा नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत जिले में नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों और एसओजी टीम को विशेष निर्देश दिए गए हैं।

इसी अभियान के तहत 16 नवंबर को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम हल्द्वानी मंडी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान पीडब्ल्यूडी गेट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से 216 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

बुलंदशहर का रहने वाला है आरोपी

पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान 30 वर्षीय शरीष कुमार पुत्र ईश्वरी प्रसाद, निवासी ग्राम गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

गांव से खरीदकर हल्द्वानी लाया था स्मैक

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हल्द्वानी मंडी में सब्जी का कारोबार करता है। पैसों के लालच में वह अपने गांव के ही किसी व्यक्ति से स्मैक खरीदकर हल्द्वानी लाया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी हिमाचल प्रदेश में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है।

फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह स्मैक किससे खरीदता था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

You May Also Like

More From Author