Uttarakhand: गुजर बस्ती में दर्दनाक हादसा: घर की दीवार गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत |

खबर रफ़्तार, उत्तरकाशी : उत्तरकाशी में एक घर की दीवार गिरने से परिवार के चार सदस्य मलबे में दब गए। राहत बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक चारों की मौत हो चुकी थी।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले राजस्व ग्राम ओडाटा के मोरा तोक स्थित गुजर बस्ती में दर्दनाक हादसा हो गया। घर की दीवार गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई।  राजस्व, एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

शुक्रवार रात करीब दो बजे गुलाम हुसैन के आवासीय मकान की दीवार अचानक ढह गई। जिससे घर में सो रहे परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। इसमें मृतकों की पहचान गुलाम हुसैन (26 वर्ष) पुत्र अली अहमद, उनकी पत्नी रुकमा खातून (23 वर्ष), पुत्र आबिद (3 वर्ष) और 10 माह की पुत्री सलमा के रूप में हुई है।

इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलते ही तहसीलदार मोरी जब्बर सिंह असवाल, राजस्व उप निरीक्षक, एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

तहसीलदार जब्बर सिंह असवाल ने घटना की पुष्टि की और बताया कि राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया था, लेकिन दुर्भाग्यवश चारों सदस्यों को बचाया नहीं जा सका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दीवार गिरने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन क्षेत्र में हुई हालिया भारी बारिश या मकान की स्थिति को एक संभावित कारक के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

You May Also Like

More From Author