पूर्व IG अमर सिंह चहल ने खुद को मारी गोली, पुलिस को मिला 12 पन्नों का सुसाइड नोट

ख़बर रफ़्तार, पटियाला : पंजाब पुलिस के पूर्व आईजी अमर सिंह चहल ने खुद को गोली मारी है। गोली लगने से घायल हुए अमर सिंह चहल को अस्पताल में भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पटियाला में पंजाब पुलिस के पूर्व आईजी अमर सिंह चहल ने खुद को गोली मार ली है। उन्हें तुरंत पटियाला के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। एसपी सिटी पलविंदर सिंह चीमा के मुताबिक मौके से पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक पूर्व आईजी को छाती में गोली लगी है। यह भी बताया जा रहा है कि मामला करोड़ों की साइबर ठगी से जुड़ा है। पूर्व पुलिस अधिकारी द्वारा ऐसा खौफनाक कदम उठाए जाने की घटना से हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार पूर्व आईजी अमर सिंह चहल ने 12 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा है। यह नोट उन्होंने पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव कपूर के नाम लिखा है, जिसमें उन्होंने 8.10 करोड़ की साइबर ठगी की बात लिखी है। अब इस पूरे मामले में पटियाला पुलिस जांच में जुट गई है।
अमर सिंह चहल वर्ष 2015 के फरीदकोट फायरिंग मामले में आरोपियों में शामिल रहे हैं। 24 फरवरी 2023 को पंजाब पुलिस की एक विशेष जांच टीम (एसआईटी), जिसकी अगुवाई एडीजीपी एलके यादव कर रहे थे, ने फरीदकोट की अदालत में एक चार्जशीट दाखिल की थी। इस चार्जशीट में कई राजनीतिक नेताओं और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नाम शामिल थे। चार्जशीट में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उनके पुत्र और पूर्व गृह मंत्री सुखबीर सिंह बादल, पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी, आईजी परमराज सिंह उमरानंगल, पूर्व डीआईजी अमर सिंह चहल, पूर्व एसएसपी सुखमिंदर सिंह मान और एसएसपी चरनजीत सिंह शर्मा को नामजद किया गया था।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours