खबर रफ्तार, देहरादून: Dehradun नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत राजपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कोबरा गैंग से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कोबरा गैंग से जुड़े कुछ तस्कर राजपुर क्षेत्र में मादक पदार्थ की खेप लेकर पहुंचने वाले हैं और इसे शहर में आयोजित होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों तक पहुंचाया जाना है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान जोहड़ी रोड क्षेत्र में स्कूटी पर सवार दो विदेशी नागरिकों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास से 9.15 ग्राम कोकीन बरामद हुई। वहीं मसूरी रोड स्थित सीआईएसएफ तिराहे के पास एक कार सवार व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसके कब्जे से 11.77 ग्राम कोकीन बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूडान निवासी माइकल इक्का मेकसन (25), लेविकिरी वानिकी (24) और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी जावेद आलम (37) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कोकीन दिल्ली से लेकर आए थे और इसे देहरादून में आयोजित विभिन्न पार्टियों में सप्लाई किया जाना था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, कोबरा गैंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इससे पहले भी इस गैंग से जुड़े 13 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
दून पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए गए अभियानों के दौरान 145 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान करोड़ों रुपये मूल्य के विभिन्न मादक पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

+ There are no comments
Add yours