Chardham Yatra से लौट रहे महाराष्ट्र के दो तीर्थयात्रियों की मौत, देवप्रयाग में मचा हड़कंप

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देवप्रयाग : Chardham Yatra उत्तराखंड पर आए महाराष्ट्र के दो तीर्थयात्रियों की देवप्रयाग के पास मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। दोनों श्रद्धालु बदरीनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। घटना के बाद अस्पताल परिसर और यात्रा मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के परभणी जिले से आठ लोगों का एक दल चारधाम यात्रा पर आया था। बुधवार को बदरीनाथ से लौटते समय देवप्रयाग के मूल्यगांव क्षेत्र के पास दल में शामिल किशन नरहरी (42) पुत्र नरहरी निले निवासी लोहीग्राम के सीने में अचानक तेज दर्द उठा।

सहयात्रियों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी देवप्रयाग पहुंचाया। अस्पताल की प्रभारी डॉ. दिव्या के अनुसार, मरीज को बचाने के लिए तुरंत सीपीआर दिया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

किशन की मौत की पुष्टि के बाद सहयात्री जब वाहन की ओर लौटे, तभी कुछ लोग घबराए हुए अस्पताल पहुंचे और बताया कि गाड़ी में बैठी एक बुजुर्ग महिला कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही हैं।

डॉक्टरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो 81 वर्षीय ज्ञानोवा सावंत पत्नी सानाबो निवासी ग्राम उखली मृत पाई गईं। चिकित्सकों के अनुसार महिला के शव में अकड़न आ चुकी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत अस्पताल पहुंचने से कई घंटे पहले रास्ते में ही हो चुकी थी।

एक ही दल के दो सदस्यों की मौत से सहयात्रियों और परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर देवप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचनामा भरकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की।

बाद में शवों को परिजनों और सहयात्रियों के सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद यात्रा मार्ग पर भी शोक का माहौल बना हुआ है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours