ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Haldwani में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल पर हुए कथित शुद्धिकरण को लेकर सियासत लगातार गरम है। कांग्रेस अब इस मुद्दे को आगामी चुनाव तक राजनीतिक रूप से जिंदा रखने की तैयारी में है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच करने की तैयारी शुरू कर दी है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रस्तावित रैली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कुछ अन्य राष्ट्रीय नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर अभी कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
खड़गे की रैली के बाद शुरू हुआ विवाद
दरअसल, 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा आयोजित हुई थी। रैली के बाद कुछ लोगों द्वारा कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया।
कांग्रेस ने इसे अपने राष्ट्रीय नेता और दलित समाज से जुड़े मुद्दे के तौर पर उठाया है। पार्टी का आरोप है कि राज्यपाल से लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न थानों में शिकायत देने के बावजूद शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।
राहुल गांधी पर केस को लेकर भी कांग्रेस हमलावर
कांग्रेस का आरोप है कि एक ओर शुद्धिकरण मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है, वहीं दूसरी ओर बीजेपी के दबाव में हल्द्वानी में पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी गई।
इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस अब प्रदेशभर में आंदोलन की तैयारी कर रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
7 सितंबर को होगा सीएम आवास कूच
कांग्रेस ने 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेशभर से कार्यकर्ताओं को देहरादून पहुंचाने और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि 7 सितंबर को प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण मामले में कांग्रेस अंतिम समय तक लड़ाई लड़ती रहेगी।
राहुल गांधी के शामिल होने पर अभी सस्पेंस
कांग्रेस के अंदर चर्चा है कि मुख्यमंत्री आवास कूच में राहुल गांधी और अन्य राष्ट्रीय नेता भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने साफ किया कि राहुल गांधी के उत्तराखंड आने का अभी कोई कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।
ऐसे में अब सभी की नजर 7 सितंबर के कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन पर है। शुद्धिकरण विवाद को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी टकराव आने वाले दिनों में और तेज होने के आसार हैं।
