119वें अखिल भारतीय किसान मेले में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, कहा-‘किसान अन्नदाता ही नहीं, राष्ट्र के नायक भी हैं’

खबर रफ्तार, पंतनगर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को पंतनगर, ऊधम सिंह नगर में आयोजित 119वें अखिल भारतीय किसान मेले में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने कृषि उद्योग प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया. साथ ही उपस्थित लोगों को संबोधित भी किया.

सीएम ने कहा कि हमारे किसान भाई केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के नायक हैं, जिनका परिश्रम और समर्पण प्रेरणादायक है. प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से हमारी सरकार भी किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है. प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज के उपलब्ध कराया जा रहा है, कृषि उपकरणों की खरीद के लिए फार्म मशीनरी योजना के अंतर्गत सब्सिडी दी जा रही है. साथ ही किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ते हुए उन्हें तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जा रहा है.

शहद उत्पादन के क्षेत्र में उत्तराखंड देश में आठवें स्थान पर पहुंच चुका है और मौन पालन में भी अपार संभावनाएं मौजूद हैं. हमारी सरकार का संकल्प है कि किसानों को सशक्त बनाते हुए कृषि को अधिक समृद्ध, आधुनिक और लाभकारी बनाया जाए. इस अवसर पर विधायक तिलकराज बेहड़, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, मेयर विकास शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल उपस्थित रहे.

You May Also Like

More From Author