चारधाम यात्रा: 22 अप्रैल को शुभ मुहूर्त में केदारनाथ मंदिर का दिव्य उद्घाटन

खबर रफ्तार, चारधाम यात्रा: गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। कल केदारनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे, जबकि 23 अप्रैल को बदरीनाथ मंदिर के कपाट खोले जाएंगे। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को सुबह आठ बजे शुभ मुहूर्त में खोले जाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना में शामिल होंगे। कपाट खुलते ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा। इससे पहले बाबा केदार की डोली गौरीकुंड से केदारनाथ के लिए रवाना हो चुकी है।

कपाट खोलने को लेकर धाम में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है तथा देश-विदेश से बड़ी संख्या में यात्री यहां पहुंच रहे हैं। यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने सड़क मरम्मत, यातायात व्यवस्था, पैदल मार्ग पर शौचालय, आवास, भोजन और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। पूरे मार्ग पर बिजली और सोलर लाइट की व्यवस्था की गई है, साथ ही हर दो किलोमीटर पर स्वास्थ्य केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक शौचालय और गर्म पानी की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं। कई श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की सराहना की है। मंदिर समिति ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल फोन के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। मंदिर की पवित्रता और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। परिसर में मोबाइल ले जाना, फोटो या वीडियो बनाना और रील्स रिकॉर्ड करना सख्त वर्जित होगा, और नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours