खबर रफ़्तार,रुद्रपुर : इंटरार्क मजदूर संगठन के अध्यक्ष को महापंचायत करने पर मोबाइल फोन पर गर्दन काटकर जान से मारने की धमकी देने वाले अज्ञात पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। साथ ही धमकी देने वाले तक पहुंचने के लिए पुलिस ने मोबाइल नंबर ट्रेस करने को सर्विलांस पर लगाया है। रायल रेजीडेंसी बगवाड़ा निवासी दलजीत सिंह ने सौंपी तहरीर में कहा है कि वह इंटरार्क मजदूर संगठन अध्यक्ष हैं। बताया कि कंपनी परिसर में आयोजित उनकी महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत आए थे। जिसके बाद उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉलर ने कहा कि वे लोग राकेश टिकैत को महापंचायत में बुलाकर लाए और धमकी दिलाई है कि यूपी से उत्तराखंड को जाने वाले छह रास्तों को बंद कर दिया जाएगा। कहा कि अगर टिकैत यूपी के रास्ते बंद कर देगा तो वे लोग इंटरार्क कंपनी के लिए चाइना से रास्ते खुलवा देंगे। बाद में कॉलर ने ने उसे गर्दन काटकर जान से मारने की धमकी दी। दलजीत सिंह का आरोप था कि कंपनी में प्रबंधकों की मनमानी के विरुद्ध चल रहे मजदूर आंदोलन में उनकी सक्रिय भूमिका है। जिसके कारण कंपनी मालिक व प्रबंधन के लोग उनसे रंजिश रख रहे हैं। उसके और साथियों के जान-माल की क्षति पहुंचाने के लिए षड़यंत्र रच रहे हैं। कुछ असामाजिक तत्वों व गुंडों का सहारा लेकर फोन पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। दलजीत सिंह ने पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की थी। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि इंटरार्क मजदूर संगठन अध्यक्ष की तहरीर के आधार पर अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इंटरार्क मजदूर संगठन अध्यक्ष को धमकी देने वाले अज्ञात पर केस दर्ज
