नीतीश–सम्राट की मुलाकात से गरमाई बिहार की सियासत

खबर रफ्तार, पटना : बिहार की राजनीति में आज एक अहम मुलाकात देखने को मिली। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को 5 देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान डिप्टी सीएम विजय चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार और विजय चौधरी का स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई। इस मुलाकात की तस्वीरों में नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए दिखाई दिए और उन्होंने सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ भी रखा। वहीं सम्राट चौधरी ने सम्मान जताते हुए दोनों हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया।

सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात नई सरकार के गठन के बाद पहली औपचारिक बातचीत मानी जा रही है। नीतीश कुमार ने दोनों नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि वे सरकार के कामकाज को अच्छे से आगे बढ़ाते रहें।

बताया जा रहा है कि इस दौरान राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, सरकारी कामकाज और आगे की रणनीति को लेकर भी चर्चा हुई। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब बिहार की राजनीति में लगातार नए समीकरणों और बदलाव की चर्चा चल रही है।

इसके अलावा, हाल ही में शराबबंदी कानून को लेकर भी राजनीतिक बहस तेज थी। हालांकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया है कि बिहार में शराबबंदी कानून को खत्म करने का कोई प्रस्ताव नहीं है और इसे सख्ती से लागू किया जाएगा। इस फैसले का राजनीतिक स्तर पर अलग-अलग प्रतिक्रियाओं के साथ स्वागत भी किया गया है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours