उत्तराखंड: चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले ही लगा जाम, दो मई से नए सिस्टम लागू

खबर रफ़्तार, चमोली: नए प्लान के तहत चमोली से आने वाले वाहनों को नृसिंह मंदिर रोड से भेजा जाएगा। वहीं बदरीनाथ की ओर से आने वाले वाहनों को ज्योतिर्मठ नगर क्षेत्र से होकर चमोली की ओर भेजा जाएगा।

चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले ही ज्योतिर्मठ नगर क्षेत्र में जाम की समस्या शुरू होने लगी है। मंगलवार को दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही के कारण करीब एक घंटे का जाम लगा रहा। बाद में ट्रैफिक पुलिस और वाहन चालकों ने वाहनों को आगे पीछे कर किसी तरह जाम खुलवाया।

नगर में नो पार्किंग में वाहनों के खड़े होने से जाम की समस्या सामने आ रही है। इसको देखते हुए पुलिस दो मई से नगर में वनवे सिस्टम लागू करेगी। ज्योतिर्मठ नगर क्षेत्र में सड़क बेहद संकरी है। सड़क के दोनों ओर नो पार्किंग में लोगों के दो पहिया वाहन भी खड़े रहते हैं जिससे वाहनों की आवाजाही होने पर जाम लग जाता है।

मंगलवार सुबह करीब दस बजे सड़क पर वाहनों का जाम लग गया। जाम खुलवाने में पुलिस जवानों को भी पसीना बहाना पड़ा। ज्योतिर्मठ थानाध्यक्ष देवेंद्र पंत का कहना है कि नो पार्किंग में खड़े वाहनों की वजह से अक्सर जाम की स्थिति हो रही है।

चारधाम यात्रा को देखते हुए आगामी दो मई से नगर में वनवे सिस्टम लागू किया जाएगा। चमोली की ओर से आने वाले वाहनों को मारवाड़ी चौक से नृसिंह मंदिर रोड होते हुए आगे भेजा जाएगा, जबकि बदरीनाथ की ओर से आने वाले वाहनों को ज्योतिर्मठ नगर क्षेत्र से होकर चमोली की ओर भेजा जाएगा। इससे जाम की स्थिति नहीं आएगी।

You May Also Like

More From Author