एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त, टोकन सिस्टम लागू; अनावश्यक भीड़ पर रोक

खबर रफ्तार, कुशीनगर : घरेलू एलपीजी गैस वितरण को लेकर लगातार बढ़ रही भीड़ और अव्यवस्था के बीच प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं. जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए गैस एजेंसियों को टोकन सिस्टम लागू कर गैस वितरण सुनिश्चित करने को कहा है. ताकि वास्तविक उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिल सके और अनावश्यक भीड़ पर रोक लगाई जा सके. हाल के दिनों में गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं.

विवाह जैसे आयोजनों और बिना वैध कनेक्शन वाले लोग भी गैस लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो रही है. कई स्थानों पर बिना बुकिंग वाले उपभोक्ता जबरन सिलेंडर देने का दबाव बना रहे हैं और मना करने पर एजेंसी कर्मचारियों से अभद्रता तक की शिकायतें सामने आई हैं. इसी स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक, गैस कंपनियों के विक्रय अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक की गई.

बैठक में निर्णय लिया गया कि गैस एजेंसियां अपने गोदाम पर उपलब्ध सिलेंडरों की संख्या के अनुसार बुकिंग की तिथि तक के उपभोक्ताओं को टोकन जारी कर वितरण करेंगी. इसकी जानकारी सूचना पट्ट पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करेंगी. प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से अनावश्यक भीड़ कम होगी और वास्तविक उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं होगी. साथ ही अशक्त, विधवा और वृद्ध उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद नियमानुसार होम डिलीवरी के माध्यम से गैस रिफिल उपलब्ध कराई जाएगी. प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है, ताकि जिले में घरेलू गैस वितरण व्यवस्था सुचारू और शांतिपूर्ण तरीके से संचालित हो सके.

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours