ख़बर रफ़्तार , हल्द्वानी : उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक शादी समारोह उस समय विवादों में घिर गया, जब विवाह की सभी तैयारियां पूरी होने और बारातियों के भोजन करने के बाद दूल्हे ने सात फेरे लेने से इनकार कर दिया। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक तनाव और हंगामे का माहौल बन गया। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे और उसके परिवार पर अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप लगाया है। विवाद बढ़ने पर पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस दूल्हे को अपने साथ चौकी ले गई, जबकि बाराती वापस लौट गए।
फेरों से ठीक पहले दूल्हे के फैसले से मचा हड़कंप
मामला नैनीताल जिले के हल्द्वानी क्षेत्र के बिंदुखत्ता स्थित शास्त्री नगर नर्सरी का है। जानकारी के मुताबिक, चकलुवा क्षेत्र से एक बारात यहां पहुंची थी। दुल्हन पक्ष ने पूरे रीति-रिवाज के साथ बारात का स्वागत किया। मेहमानों की आवभगत की गई और बारातियों को भोजन भी कराया गया।
शादी की तैयारियां पूरी थीं और विवाह से जुड़ी अधिकांश रस्में भी संपन्न हो चुकी थीं। परिवार और रिश्तेदार सात फेरों की तैयारी में थे, लेकिन इसी बीच दूल्हे ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। अचानक लिए गए इस फैसले से दोनों परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया।
दुल्हन पक्ष का आरोप- अतिरिक्त दहेज की हो रही थी मांग
दूल्हे के शादी से इनकार करने के बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि शादी के लिए उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार काफी इंतजाम किए थे। यहां तक कि बेटी की शादी संपन्न कराने के लिए कर्ज भी लिया था।
परिजनों का दावा है कि इसके बावजूद दूल्हे और उसके परिवार की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। इसी मांग को पूरा नहीं कर पाने के कारण दूल्हे ने ऐन वक्त पर शादी करने से मना कर दिया। हालांकि, दहेज मांगने के आरोपों की पुलिस जांच अभी बाकी है।
हंगामे के बाद दूल्हे को चौकी ले गई पुलिस
शादी समारोह में विवाद बढ़ता देख दुल्हन पक्ष ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बिंदुखत्ता चौकी प्रभारी गौरव जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दूल्हे को अपने साथ चौकी ले गई। वहीं, बाराती शादी किए बिना ही वापस लौट गए।
इस घटना के बाद दुल्हन और उसके परिवार की खुशियां मायूसी में बदल गईं। जिस शादी के लिए परिवार ने लंबे समय से तैयारियां की थीं, वह सात फेरों से ठीक पहले टूट गई।
लिखित शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
मामले को लेकर कोतवाल ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, शादी समारोह में हुए इस विवाद के बाद क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। दुल्हन पक्ष की ओर से लगाए गए अतिरिक्त दहेज मांगने के आरोपों पर अब पुलिस में औपचारिक शिकायत और जांच का इंतजार है।
