Mumbai हमले 26/11 के आरोपी तहव्वुर राणा को राहत, दस्तावेजों की सूची सौंपने के लिए NIA को मिला दो सप्ताह का समय

ख़बर रफ़्तार , नई दिल्ली : 26/11 मुंबई आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड तहव्वुर हुसैन राणा से जुड़े मामले में दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को दो सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया है। अदालत ने राणा की याचिका स्वीकार करते हुए जांच एजेंसी को उन दस्तावेजों की सूची सौंपने का निर्देश दिया है, जिन पर उसने मामले में भरोसा नहीं किया है। विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 18 दिसंबर की तारीख तय की है।

NIA को दस्तावेजों की सूची देने का निर्देश

तहव्वुर राणा ने अदालत में याचिका दाखिल कर उन दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी मांगी थी, जिन्हें NIA ने अपने मामले में आधार नहीं बनाया है। इस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने एजेंसी को सूची उपलब्ध कराने के लिए दो सप्ताह का समय दिया। अब इस मामले में अगली सुनवाई 18 दिसंबर को होगी।

एम्स में मेडिकल जांच और कानून की किताबें देने का आदेश

इससे पहले 14 नवंबर को अदालत ने तिहाड़ जेल प्रशासन को तहव्वुर राणा को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने उसकी ईएनटी और हड्डियों से संबंधित परेशानियों की जांच एम्स में कराने को भी कहा था।

इसके साथ ही अदालत ने जेल नियमों के तहत राणा को भारतीय न्याय संहिता और साक्ष्य अधिनियम सहित संबंधित कानूनों की किताबें उपलब्ध कराने का आदेश दिया था। अमेरिका में हिरासत के दौरान कराए गए इलाज से जुड़े मेडिकल रिकॉर्ड देने का निर्देश भी दिया गया था।

अप्रैल 2025 में भारत लाया गया था तहव्वुर राणा

NIA ने 9 जुलाई 2025 को तहव्वुर राणा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इससे पहले 10 अप्रैल 2025 को उसे अमेरिका से भारत लाया गया था। दिल्ली के पालम वायुसेना अड्डे पर पहुंचते ही NIA ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।

राणा को भारत लाने की प्रक्रिया अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रत्यर्पण के खिलाफ उसकी याचिका खारिज किए जाने के बाद पूरी हुई थी। इसके बाद भारतीय एजेंसियों की एक टीम उसे भारत लाने के लिए अमेरिका गई थी।

डेविड हेडली का करीबी सहयोगी है राणा

64 वर्षीय तहव्वुर राणा पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक है। उसे 2008 के मुंबई आतंकी हमलों की साजिश में शामिल अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाऊद गिलानी का करीबी सहयोगी बताया जाता है।

राणा और हेडली बचपन के दोस्त थे और दोनों ने एक ही सैनिक स्कूल में पढ़ाई की थी। आरोप है कि राणा ने हेडली की भारत में आवाजाही आसान बनाने में मदद की थी। उसने मुंबई में एक एजेंसी भी खोली थी, जिसका इस्तेमाल हेडली की गतिविधियों में मदद के लिए किए जाने का आरोप है।

26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमलों में कई लोगों की जान गई थी। इस मामले में तहव्वुर राणा की भूमिका को लेकर भारत में कानूनी कार्रवाई जारी है। अब अदालत में 18 दिसंबर को होने वाली सुनवाई पर नजर रहेगी।

You May Also Like

More From Author