Tamil Nadu में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत, TNPSC परीक्षाओं में अधिकतम उम्र सीमा 5 साल बढ़ी

एफएनएन , चेन्नई : तमिलनाडु में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने सरकारी पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा में 5 साल की बढ़ोतरी करने का आदेश जारी किया है। यह फैसला लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की ओर से की जा रही मांगों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

सरकार का यह निर्णय तमिलनाडु लोक सेवा आयोग (TNPSC) की ग्रुप 1, ग्रुप 2, ग्रुप 2A और ग्रुप 4 परीक्षाओं पर लागू होगा। इसके अलावा दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी बढ़ी हुई आयु सीमा का लाभ मिलेगा। नए आदेश के बाद उन उम्मीदवारों को भी सरकारी नौकरी पाने का एक और मौका मिलेगा, जो पहले निर्धारित अधिकतम उम्र सीमा पार होने के कारण भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पा रहे थे।

30 अक्टूबर से लागू होगा नया आदेश

तमिलनाडु सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, अधिकतम आयु सीमा में 5 साल की यह बढ़ोतरी 30 अक्टूबर से प्रभावी होगी। इसका लाभ अलग-अलग श्रेणियों के उम्मीदवारों को उनकी संबंधित परीक्षा और आरक्षण श्रेणी के अनुसार मिलेगा।

सरकार के इस फैसले से हजारों ऐसे युवाओं को फायदा मिलने की उम्मीद है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन उम्र की निर्धारित सीमा के करीब पहुंच चुके थे। अब उन्हें सरकारी पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने का अतिरिक्त अवसर मिल सकेगा।

TNPSC ग्रुप 1 परीक्षा में कितनी बढ़ी उम्र सीमा?

TNPSC की ग्रुप 1 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए सामान्य और आरक्षित वर्ग की अधिकतम आयु सीमा में बदलाव किया गया है।

नए नियम के अनुसार, सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा 32 साल से बढ़ाकर 37 साल कर दी गई है। वहीं, पिछड़ा वर्ग (BC), पिछड़ा वर्ग मुस्लिम (BCM), अति पिछड़ा वर्ग एवं विमुक्त समुदाय (MBC/DNC), अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 37 साल से बढ़ाकर 42 साल कर दी गई है।

दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी इस फैसले का लाभ मिलेगा। सामान्य वर्ग के दिव्यांग उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र सीमा 42 से बढ़ाकर 47 साल कर दी गई है। वहीं, आरक्षित वर्ग के दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए यह सीमा 47 से बढ़ाकर 52 साल कर दी गई है।

ग्रुप 2 और ग्रुप 2A के लिए नए नियम

ग्रुप 2 और ग्रुप 2A परीक्षाओं में गैर-तकनीकी और मंत्रालयी स्तर के पदों पर भर्ती की जाती है। इन परीक्षाओं के लिए भी सरकार ने अधिकतम आयु सीमा में बदलाव किया है।

नई व्यवस्था के तहत सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र सीमा 30 साल से बढ़ाकर 35 साल कर दी गई है। वहीं, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं है।

दिव्यांग अभ्यर्थियों के मामले में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा 40 साल से बढ़ाकर 45 साल कर दी गई है। आरक्षित वर्ग के दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए भी अधिकतम आयु सीमा तय नहीं की गई है।

ग्रुप 4 परीक्षा में भी मिलेगा 5 साल की छूट का लाभ

TNPSC की ग्रुप 4 परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए भी अधिकतम उम्र सीमा बढ़ाई गई है। नए आदेश के अनुसार, सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु सीमा 30 साल से बढ़ाकर 35 साल कर दी गई है।

वहीं, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह सीमा 32 साल से बढ़ाकर 37 साल कर दी गई है।

दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सामान्य वर्ग की अधिकतम आयु सीमा 40 साल से बढ़ाकर 45 साल कर दी गई है। जबकि आरक्षित वर्ग के दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 42 साल से बढ़ाकर 47 साल कर दी गई है।

किस वर्ग को कितनी मिलेगी छूट?

परीक्षा सामान्य वर्ग आरक्षित वर्ग
ग्रुप 1 32 से 37 साल 37 से 42 साल
ग्रुप 2 और 2A 30 से 35 साल अधिकतम आयु सीमा नहीं
ग्रुप 4 30 से 35 साल 32 से 37 साल

दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए अलग आयु सीमा निर्धारित की गई है, जिसका विवरण संबंधित परीक्षा और श्रेणी के अनुसार लागू होगा।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत

तमिलनाडु सरकार के इस फैसले को सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अहम राहत के तौर पर देखा जा रहा है। कई अभ्यर्थी लंबे समय से उम्र सीमा बढ़ाने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और भर्ती प्रक्रिया में लगने वाले समय के कारण कई उम्मीदवार निर्धारित आयु सीमा पार कर जाते हैं।

अब अधिकतम उम्र सीमा में पांच साल की बढ़ोतरी से ऐसे उम्मीदवारों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा। खासकर उन युवाओं को फायदा होगा, जिनकी उम्र पहले तय सीमा के करीब थी या वे आयु सीमा पार कर चुके थे।

सरकार के इस निर्णय से TNPSC की आगामी भर्तियों में अधिक अभ्यर्थियों को मौका मिलने की उम्मीद है। हालांकि, उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित भर्ती के आधिकारिक नोटिफिकेशन में अपनी श्रेणी, पद और आयु सीमा से जुड़े नियमों की जांच जरूर करनी चाहिए।

You May Also Like

More From Author